गाजणा क्षेत्र के ग्रामीणों ने की धौंतरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग
सुविधाएं नहीं होने से मरीजों के साथ तीमारदार भी हो रहे हैं परेशान
उत्तरकाशी। गाजणा क्षेत्र के ग्रामीणों ने धौंतरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण और एक्सरे मशीन स्थापित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के करीब 27 गांवों के लोगों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। इसके बावजूद यहां पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री जन कल्याण योजना के जिलाध्यक्ष नितिन नौटियाल, दिनेश राणा, हिमांशु नौटियाल, पुनीत नौटियाल, अवधेश नौटियाल ने बताया कि धौंतरी पीएचसी में ग्रामीणों के लिए खून की जांच की सुविधा उपलब्ध है लेकिन एक्सरे की सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों को करीब 40 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय पहुंचना पड़ता है।
इससे गंभीर रूप से बीमार और दुर्घटना में घायल मरीजों को विशेष परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पीएचसी का उच्चीकरण किया जाना बेहद जरूरी है। अस्पताल में एक्सरे मशीन सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से 27 गांवों की बड़ी आबादी को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा और जिला मुख्यालय की दौड़ से राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पीएचसी के उच्चीकरण के साथ एक्सरे मशीन स्थापित किए जाने की मांग की है।