ग्रामीणों को 15 किमी दूर पुरोला के लगाने पड़ रहे चक्कर
पुरोला। विकासखंड के गुंदियाट गांव स्थित राजस्व पुलिस चौकी बदहाली का शिकार है। चौकी परिसर में जगह-जगह झाड़ियां उग आई है और भवन की स्थिति भी लंबे समय से उपेक्षा को दर्शा रही है। वहीं, चौकी में राजस्व विभाग के कर्मचारियों की नियमित मौजूदगी नहीं होने से आसपास के गांवों के ग्रामीणों को छोटे-बड़े राजस्व कार्यों के लिए करीब 14 से 15 किलोमीटर दूर तहसील मुख्यालय पुरोला की दौड़ लगानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि राजस्व चौकी स्थापित करने का उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्र में ही राजस्व संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना था लेकिन कर्मचारियों की अनुपलब्धता के चलते यह व्यवस्था अपने उद्देश्य को पूरा नहीं कर पा रही है। नामांतरण, भूमि सीमांकन, भू-अभिलेखों में संशोधन और विभिन्न प्रमाणपत्रों से जुड़े कार्यों के लिए ग्रामीणों को पुरोला पहुंचना पड़ता है।
इससे न केवल उनका समय और पैसा खर्च हो रहा है बल्कि खेती-किसानी और अन्य जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण नितिन पंवार, तुषार नौटियाल, वीरेंद्र रावत सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से चौकी भवन की मरम्मत कराने और यहां नियमित रूप से राजस्व कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि चौकी का नियमित संचालन शुरू होने से आसपास के कई गांवों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही राजस्व सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
इस संबंध में तहसीलदार कमल सिंह राठौर ने बताया कि राजस्व पुलिस चौकी भवन की मरम्मत के लिए बजट स्वीकृति का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि तहसील क्षेत्र में स्वीकृत पदों के सापेक्ष राजस्व उपनिरीक्षकों की संख्या काफी कम है। उपलब्ध कर्मचारियों को कई-कई गांवों का अतिरिक्त प्रभार संभालना पड़ रहा है जिसके चलते प्रत्येक चौकी पर नियमित कर्मचारी तैनात करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।