शनिवार शाम को ब्लाक के दशगी हातड़ और डुंडा ब्लाक के भंडारस्यूं क्षेत्र में गदेरों में आए उफान में चार लोग बह गए। इनमें से जुणगा गांव की सुनैना का शव तो बरामद हो गया, लेकिन मुरोगी, दारगढ़ और सूरी गांव में बहे तीन ग्रामीणों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। गदेरों के उफान में कई मवेशियों के बहने की भी सूचना है।
शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश दशगी, हातड़ और भंडारस्यूं क्षेत्र में तबाही बरपा गई। कल्याणी गदेरे के उफान में बहने से जुणगा गांव के शरत सिंह नेगी की 17 वर्षीय बेटी सुनैना की मौत हो गई। उसका शव शनिवार देर रात बरामद कर लिया गया, जबकि दशगी क्षेत्र के हरेला गदेरे में आए उफान में मुरोगी गांव निवासी गोदावरी देवी (57) पत्नी सोहन लाल अपनी भैंस समेत बह गई।
नीचे इसी गदेरे में दारगढ़ के प्रेम सिंह की पत्नी सरतमा देवी (51) और सूरी गांव में मुंशी लाल (59) पुत्र दीपा लाल भी बहे। इन तीनों लोगों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। रविवार को परिजन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीम गदेरे में इनकी खोजबीन में लगी रही।
मलबा घुसने से खेतों और फसलों का नुकसान
गदेरों के उफान के साथ ही अतिवृष्टि एवं ओलों की मार से से जिव्या, रमोली, टिपरी, टंडोल, छैजुला, बणगांव, मुरोगी, दारगढ़, क्यारी, मथाली, जुणगा, कोटधार, गडोली आदि गांवों में खेतों और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा।
गांवों के संपर्क मार्ग, सिंचाई गूल, पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त हो गई। कोटधार बाजार में दुकानों में मलबा और पानी घुसने से व्यापारियों को खासा नुकसान हुआ। बंदोल गांव में कुलवीर और मथाली में सुंदरलाल का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। धरासू गाड में आए उफान से धरासू में सुरेंद्र रावत के चार मंजिला होटल के नीचे कटाव होने से इस पर खतरा मंडराने लगा है।
काबीना मंत्री ने लिया हालात का जायजा
क्षेत्र में आपदा की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर काबीना मंत्री यमुनोत्री विधायक प्रीतम पंवार ने हालात का जायजा लिया। राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को साथ लेकर उन्होंने आपदा प्रभावित गांवों तक पहुंचकर अधिकारियों को आपदा में क्षतिग्रस्त व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
यमुनोत्री क्षेत्र में ओलावृष्टि से नुकसान
यमुनोत्री क्षेत्र में गीठ वजरी पट्टी के गांवों में शनिवार को हुई ओलावृष्टि से गेहूं के साथ आलू, चौलाई, राजमा एवं फलदार पेड़ों को नुकसान पहुंचा। जिला पंचायत सदस्य भगत राणा, कुपड़ा की प्रधान अनीता राणा आदि ने प्रशासन को क्षेत्र में ओलावृष्टि से हुए नुकसान की सूचना देते हुए पीड़ित किसानों को क्षतिपूर्ति देने की मांग की है।