खुले में पड़े कचरे के बीच मवेशी तलाश रहे भोजन
होटल व्यवसायियों ने कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने व व्यवस्था करने की मांग
बड़कोट। यमुनोत्री हाईवे पर फूलचट्टी के पास सड़क किनारे जमा कूड़ा-कचरा यमुना नदी की स्वच्छता के लिए खतरा बन रहा है। खुले में पड़े कचरे के बीच मवेशी भोजन तलाश रहे हैं और गंदगी खा रहे हैं जबकि कचरे के नदी में पहुंचने की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय होटल व्यवसायियों ने कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने और उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था करने की मांग की है।
यमुना लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यमुनोत्री धाम जाने वाले मार्ग पर इस तरह गंदगी का जमावड़ा स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। नदी के आसपास कूड़ा जमा होने से पर्यावरण प्रभावित होने की आशंका के साथ धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंच रही है। स्थानीय होटल व्यवसायी शिवराज सिंह रावत ने हाईवे किनारे कूड़ा डालने पर रोक लगाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि कचरे को खुले में फेंकने के बजाय किसी निर्धारित स्थान पर एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया जाना चाहिए। वहीं, स्थानीय होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद सिंह रावत ने भी यमुना नदी के किनारे कूड़ा डाले जाने पर अंकुश लगाने की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से फूलचट्टी क्षेत्र में कूड़ा संग्रहण और निस्तारण की समुचित व्यवस्था करने के साथ नियमित सफाई करने की मांग की है।