राहगीर हो रहे हैं परेशान, सड़क तक पहुंच रहा है कूड़ा
उत्तरकाशी। तांबाखाणी सुरंग के मुहाने पर डंप किया जा रहा शहर का कूड़ा अब राहगीरों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। डंपिंग स्थल से कूड़ा लगातार नीचे जोशियाड़ा मोटरमार्ग पर गिर रहा है। सुरंग के ठीक नीचे सड़क की नालियों के ऊपर कूड़े का ढेर और बिखरा कचरा साफ देखा जा सकता है। रोजाना ऊपर से डाला जाने वाला कुछ कूड़ा सड़क तक पहुंच रहा है जिससे यहां आवाजाही प्रभावित हो रही है।
बरसात में स्थिति और खराब हो गई है। कूड़े से उठने वाली तीव्र दुर्गंध के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। वहीं सड़क पर गिरा कचरा नालियों को भी प्रभावित कर रहा है। सड़क पहले से ही कई स्थानों पर ऊबड़-खाबड़ है। ऐसे में कूड़ा गिरने से वाहन चालकों के सामने दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
खासकर रात के समय कम दृश्यता में सड़क पर बिखरा कचरा हादसे का कारण बन सकता है। पंकज सिंह, संजय पंवार का कहना है कि इस मार्ग पर पूर्व में भी हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद सड़क के ऊपर से कूड़ा गिरने की समस्या पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। नगर पालिका ने तांबाखाणी से लीगेसी वेस्ट को काफी हद तक हटा दिया है लेकिन स्थायी डंपिंग जोन के अभाव में शहर का रोजाना निकलने वाला कूड़ा फिलहाल यहीं डंप किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर गिर रहे कूड़े को तत्काल हटाने, डंपिंग स्थल को सुरक्षित करने और स्थायी डंपिंग जोन की व्यवस्था करने की मांग की है।