गड्ढों और जलभराव से बढ़ी लोगों की परेशानी
उत्तरकाशी। गंगोरी से नेताला तक गंगोत्री हाईवे की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और जलभराव के कारण वाहन चालकों व यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में हालात और अधिक खराब हो गए हैं जिससे हाईवे पर सफर करना जोखिमभरा साबित हो रहा है।
गंगोरी पुलिस चौकी के पास कुछ समय पहले सीमा सड़क संगठन ने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिए टाइल्स बिछाई थीं। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि ये टाइल्स अब दुर्घटना का कारण बन रही है। इनके ऊपर से गुजरते समय वाहन फिसल रहे हैं जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है। गंगोरी पुलिस चौकी से आगे सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बरसाती पानी भरने से वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता।
वहीं, नेताला भूस्खलन जोन में भी सड़क पर कीचड़ और जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने बीआरओ से हाईवे की जल्द मरम्मत कराने और फिसलन पैदा कर रही टाइल्स की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ सकती है।