बकरी छाप ब्रांड से उत्तरकाशी, टिहरी के जौनपुर क्षेत्र का मंडुआ, झंगोरा, मक्का, रामदाना आदि उत्पाद अब पांच सितारा होटलों व सुपर बाजार में बिकेगा।
युवाओं को गांव में ही रोजगार के अवसर देने के लिए नेहरू पर्वता रोहण संस्थान के प्राचार्य कर्नल अजय कोठियाल की पहल पर शुरू ग्रीन पिपुल संगठन ने पंतवाडी में संग्रह केंद्र खोल दिया है। यहां से तीस क्विंटल अनाज की खेप बाजार में उतारी जा चुकी है।
एक पांच सितारा होटल ग्रुप के मार्केटिंग से जुड़े रूपेश राय तथा स्थानीय लोगों की सहभागिता से बने ग्रीन पिपुल उत्तराखंड ने 13 केंद्र खोल कर यहां रोजगार से जुड़ी कई गतिविधियां शुरू कर दी है।
पंतवाडी के ऊपर नागटिब्बा में बकरी गांव में पहले केंद्र की शुरूआत हो चुकी है। केंद्र से क्षेत्र के 40 गांवों के किसानों को जोड़ा गया है। उत्तरकाशी के डामटा तथा बणगांव क्षेत्र में भी केंद्र अपनी पहुंच बढ़ाने लगा है।
शुरूआत में किसानों से विकास नगर देहरादून की मंडी से कुछ ज्यादा कीमत देकर मंडुआ, झंगोरा, मक्का, रामदाना, चावल, घी, धनिया, हल्दी, आलू, प्याज, लहसुन खरीदा जा रहा है।
मोटे अनाज की एक खेप बाजार में उतारने के साथ ही 40 क्विंटल पंतवाडी संग्रह केंद्र में जमा है। संस्था सप्ताह में दोबार गांवों में जाकर उत्पाद खरीद रही है।
गांव के प्रदीप का कहना है कि किसानों को उनके उत्पाद में मैदानी मंडियों से ज्यादा दाम गांव में ही मिल रहा है। इससे उनकी मंडी तक की दौड़ का समय तथा किराए भाडे़ की बचत हो रही है।
कोट........
हमारा उद्देश्य उत्तराखंड में युवाओं को घर पर ही रोजगार के अवसर देना है। लोगों की सहभागिता से हम यहां के उत्पाद पहले पांच सितारा होटलों में सुपर बाजार और फिर खुदरा बाजार में उतार कर उन्हें अच्छी कीमत दिलाना है।
रूपेश राय, प्रमुख ग्रीन पिपुल संगठन।