उत्तरकाशी। उत्तरांचल देवी आपदा पीड़ित सहायता समिति, केशवपुरी मनेरी की ओर से गोरशाली गांव में अग्निपीड़ित परिवार को 11 हजार रुपये की नगद सहायता प्रदान की गई। समिति के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर आर्थिक सहयोग सौंपा। इसके साथ ही हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। 27 मई को गोरशाली गांव निवासी देवेंद्र सिंह रावत का आवासीय भवन भीषण अग्निकांड में पूरी तरह जलकर राख हो गया था। हादसे में घर में बंधी उनकी दो गायों की भी दर्दनाक मौत हो गई थी। इससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। समिति के स्वयंसेवकों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द उचित मुआवजा व राहत उपलब्ध कराने की मांग की। इस अवसर पर सूरत राम नौटियाल, भागीरथ सेमवाल, कमलेश्वर रतोड़ी, चतर चौहान, समदर्शी, माधव, हिकमत सहित कई लोग उपस्थित रहे। संवाद
......................................................
नाली में फंसी तीर्थयात्रियों की बस
उत्तरकाशी। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाडिया गांव के समीप राजस्थान से आए तीर्थयात्रियों की एक बस नाली में फंस गई। घटना से कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। मौके पर तैनात पुलिस जवानों ने रस्सियों को दूसरी बस से जोड़कर फंसी हुई बस को सुरक्षित बाहर निकलवाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बस को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था को शीघ्र सुचारु कर दिया। संवाद
.............................................
एसआईआर अभियान के तहत मतदाता जागरूकता तेज
उत्तरकाशी। जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता जागरूकता गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। जिला प्रशासन व स्वीप टीम की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बीएलओ घर-घर जाकर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत व स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और आवश्यक संशोधन संबंधी जानकारी दे रहे हैं। साथ ही नागरिकों को गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों से मतदाता सूची को शुद्ध व अद्यतन बनाने में सहयोग की अपील की है। अभियान में युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है। संवाद