एलटी के 3089 पदों पर विज्ञप्ति जारी करने के साथ ही परीक्षा आयोजित करने के बाद अब सिर्फ 1500 पदों पर ही परिणाम घोषित किए जाने पर प्रशिक्षित बेरोजगारों में रोष है। उन्होंने शीघ्र सभी पदों पर परिणाम घोषित नहीं होने पर आंदोलन के साथ ही न्यायालय की शरण में जाने की चेतावनी दी है।
एलटी शिक्षक भर्ती का परिणाम घोषित होने के साथ ही चयन से वंचित अभ्यर्थियों में रोष है। रविवार को काली कमली धर्मशाला में प्रशिक्षित बेरोजगारों की बैठक हुई, जिसमें वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने दो साल पहले एलटी शिक्षक के 3089 पदों की विज्ञप्ति जारी की थी और इसके अनुसार ही लिखित परीक्षा आयोजित की। अब प्राविधिक शिक्षा परिषद ने महज 1500 पदों का परिणाम घोषित किया है। गणित के विज्ञापित 541 पदों के सापेक्ष सिर्फ 180 पदों का परिणाम दिया गया। इसी तरह सामान्य विषय में 570 के सापेक्ष 74 और व्यायाम में 257 पदों के सापेक्ष 77 पदों का परिणाम घोषित किया गया है। ऐसे में न सिर्फ पात्र अभ्यर्थी चयन से वंचित रह गए हैं, बल्कि चयन प्रक्रिया में धांधली की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने शीघ्र शेष पदों का परिणाम घोषित नहीं किए जाने पर आंदोलन करने तथा न्यायालय की शरण में जाने की चेतावनी दी है। इस मौके पर सुरेश भट्ट, विनोद असवाल, अजीत राणा, रायवीर सिंह, गौतम सिंह, सुनील कुड़ियाल, संतोष सिंह, जयनारायण नौटियाल, अभिषेक सेमवाल, लोकेश, रमेश चमोली, मनमोहन, ममराज आदि मौजूद रहे।