ग्रामीण मरीजों को चारपाई या कुर्सी के सहारे पांच किमी पैदल पहुंचा रहे सड़क तक
नौगांव (उत्तरकाशी)। उत्तराखंड राज्य गठन के 26 साल बाद भी खांसी ग्राम पंचायत का दोणी गांव सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाया है। करीब ढाई सौ की आबादी वाले इस गांव के ग्रामीण आज भी सड़क के अभाव का दंश झेल रहे हैं। गांव में किसी व्यक्ति के बीमार होने पर उसे अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन जाता है। ग्रामीण मरीजों को चारपाई या कुर्सी के सहारे करीब पांच किमी पैदल चलकर मोटर मार्ग तक पहुंचाते हैं। इस दौरान कई बार मरीजों की जान पर भी खतरा बना रहता है। वहीं, गर्भवती महिलाओं को प्रसव की संभावित तिथि से पहले ही गांव छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर रहना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मांग को लेकर वर्षों से जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। दोणी गांव निवासी नागेंद्र बर्त्वाल ने बताया कि राज्य गठन के बाद से ही गांव को सड़क से जोड़ने की मांग की जा रही है लेकिन 26 साल बाद भी उनका यह सपना पूरा नहीं हुआ।
आज भी ग्रामीणों को आदिम युग जैसी परिस्थितियों में जीवन बिताना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधि केवल चुनाव के समय गांव पहुंचते हैं। इसके बाद कोई सुध लेने नहीं आता। ग्राम प्रधान खांसी सूर्यपाल रावत ने बताया कि दोणी गांव के लिए पांच किमी सड़क स्वीकृत कराने की फाइल शासन में लंबित है। सड़क निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, पीएमजीएसवाई पुरोला के अधिशासी अभियंता योगेंद्र कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में दोणी गांव के लिए सड़क प्रस्तावित है। हालांकि इसके निर्माण में अभी समय लगेगा।