श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम एवं हंस फाउंडेशन के सहयोग से विकासखंड सभागार में किसानों एवं उत्पादक समूह सदस्यों की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में एसबीएमए के परियोजना प्रबंधक गोपाल थपलियाल एवं परियोजना निदेशक एलएम गोस्वामी ने संस्था और हंस फाउंडेशन की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रकाश रमोला ने संस्था की ओर से किसानों की आजीविका सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष शूरवीर रांगड़ ने कहा कि संस्था द्वारा क्षेत्र में किसानों की आय वृद्धि के लिए पशुपालन, उद्यान, मुर्गी पालन, मत्स्य पालन, सामूहिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयास सराहनीय हैं। कार्यक्रम का संचालन समन्वयक राजवीर रावत ने किया।