सीडीओ के निरीक्षण में मिली कमियां, सुरक्षा दीवार से क्षतिग्रस्त, कमरों में था सीलन
उत्तरकाशी। मुख्य विकास अधिकारी एसएल सेमवाल के निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत ढुगांलधार के सामुदायिक मिलन केंद्र में बनाए गए मतदान केंद्र की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त थी। वहीं केंद्र के सभी कमरों में सीलन के कारण वह बदहाल स्थिति में था। इस पर उन्होंने सुरक्षा को देखते हुए मतदान केंद्र जूनियर हाईस्कूल पटूड़ी में परिवर्तित करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर सीडीओ एसएल सेमवाल ने डुंडा विकासखंड के पैणी भवान, ढुंगालधार, थाती के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नए मतदान केंद्र पटूड़ी में सरकारी विद्यालय में सभी प्रकार की व्यवस्थाओं को समय से पहले दुरुस्त किया जाए। साथ ही जिन भी प्राथमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बिजली, पानी, संपर्क मार्ग की समस्या बनी हुई है वहां पर मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जाए।
इससे मतदानकर्मियों और मतदाताओं को किसी प्रकार की समस्या न हो। साथ ही साफ-सफाई व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक इंतजाम करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। अगर कहीं पर किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो उसे मतदान से पहले ठीक करवा दिया जाए। सेमवाल ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर चुनाव से संबंधित सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। आवश्यकता को देखते हुए जिन मतदान स्थलों पर कुछ कमियां हैं वहां भी सभी जरूरी व्यवस्थाएं जल्द ही पहुंचाई जाएगी। इस मौके पर निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अजय सिंह, खंड विकास अधिकारी डुंडा दिनेश जोशी आदि मौजूद रहे।