उत्तरकाशी। रामलीला मैदान में आयोजित पंचकुंडीय श्री लक्ष्मीनारायण गो-गंगा प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे। व्यास पीठ से आचार्य सूर्यकांत बलूनी ने भगवान के नाम स्मरण, शिव भक्ति, सती चरित्र और भक्त ध्रुव की अटूट तपस्या का प्रसंग सुनाया। उन्होंने सती चरित्र का वर्णन करते हुए बताया कि पिता दक्ष के यज्ञ में भगवान शिव का अपमान होने से आहत सती ने अपने प्राण त्याग दिए। इसके बाद भगवान शिव ने वीरभद्र को प्रकट कर दक्ष को दंडित किया। देवताओं की प्रार्थना पर भगवान शिव ने दक्ष को पुनर्जीवन प्रदान किया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष स्वामी राघवानंद महाराज, कार्यकारी अध्यक्ष सूरतराम नौटियाल, बुद्धि प्रसाद नौटियाल, भूपेश कुड़ियाल, डॉ. हरिशंकर नौटियाल आदि मौजूद रहे। संवाद
....................................
खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
उत्तरकाशी। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में वार्षिक खेलकूद दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुवर्णा नौटियाल ने किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद से छात्र-छात्राओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। इस दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन बनाए रखने की शपथ ली। विद्यार्थियों ने मशाल दौड़ और डंबल पीटी की आकर्षक प्रस्तुति भी दी। प्रतियोगिताओं में बालवाटिका के बच्चों ने खरगोश दौड़, कक्षा पांच की छात्राओं ने जलेबी दौड़, कक्षा नौ के छात्राओं ने रिले दौड़ और कक्षा 11 के छात्राओं ने रस्साकशी में प्रतिभाग किया। वहीं, शिक्षकों के लिए भी दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस दौरान अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर विद्यालय की प्राचार्या कविता बिजारनिया आदि मौजूद रहे। संवाद