पुरोला। उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के आह्वान पर पुरोला इकाई ने उपजिलाधिकारी पुरोला के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा। संघ ने देशभर में कार्यरत 27.34 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को न्यूनतम वेतन के समकक्ष मानदेय देने की मांग की।
संघ की ओर से ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2019 के बाद महंगाई, उपभोक्ता मूल्य सूचकांक और न्यूनतम मजदूरी बढ़ने के बावजूद आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय में कोई ठोस वृद्धि नहीं हुई, जबकि वे महिला एवं बाल विकास कार्यक्रमों की अहम कड़ी हैं। संघ ने मानदेय को न्यूनतम मजदूरी के अनुरूप श्रेणीबद्ध करने की मांग की है जिसमें अकुशल कर्मियों को 20358 रुपये, अर्द्ध कुशल को 22568 रुपये, कुशल को 24804 रुपये और उच्च कुशल कर्मियों को 26910 रुपये प्रतिमाह मानदेय देने का प्रस्ताव रखा गया है।
मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नर्सरी टीचर का दर्जा देने, विभागीय पदों में आरक्षण, 10 लाख रुपये ग्रेच्युटी और मानदेय का 50 प्रतिशत पेंशन के रूप में देने की मांग शामिल है। संघ की जिला अध्यक्ष सीमा सेनी ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन पर रामेश्वरी, झुली, शर्मिला, सुनीता, किरण, ममता, पुष्पा देवी, निशा, शीला और राजेश्वरी सहित कई आंगनबाड़ी कर्मियों के हस्ताक्षर हैं। संवाद