पुरोला। मोरी विकासखंड के सुदूरवर्ती पंचगाई और बड़ासू क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पैदल संपर्क मार्गों और पुल-पुलियों के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य रविना रावत ने शनिवार को जिलाधिकारी को पत्र भेजा।
रावत ने कहा कि कोटगांव-जखोल वार्ड के अंतर्गत आने वाले इन सीमांत और दुर्गम गांवों में लगातार हुई भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर सड़कें, पैदल मार्ग और पुल-पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। कई संपर्क मार्ग टूटने से ग्रामीणों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। वैकल्पिक मार्गों और पुलों के अभाव में लोगों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। जिला पंचायत सदस्य ने जिलाधिकारी से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कराकर आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पैदल संपर्क मार्गों और पुल-पुलियों के पुनर्निर्माण के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। संवाद