उत्तरकाशी। पाटा और संग्राली गांव के ग्रामीणों ने वरुणावत पर्वत क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक महत्व और हिमालयी चोटियों के मनमोहक दृश्य होने के बावजूद क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
ग्रामीण देवेंद्र चौहान, हंसराज चौहान, जसपाल चौहान, संदीप सेमवाल, शेखर नैथानी और शिव नैथानी ने बताया कि वरुणावत पर्वत के साथ कंडार देवता मंदिर, विमलेश्वर महादेव और शिखरेश्वर महादेव जैसे धार्मिक स्थल भी पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र हैं। यहां से उच्च हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों का विहंगम दृश्य भी दिखाई देता है। उन्होंने ने मांग की कि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं को होमस्टे, गाइड, साहसिक पर्यटन और अन्य स्वरोजगार से जोड़ने की योजनाएं संचालित की जाएं। संवाद