लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत दलों ने की मानदेय बढ़ाने की मांग
उत्तरकाशी। जनपद में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों ने मुख्यालय से 250 से 300 किमी दूर कार्यक्रम आवंटित करने और कार्यक्रम की फोटो जियो टैग कराने का विरोध किया। साथ ही उन्होंने मानदेय बढ़ाने की मांग की। उन्होंने इस संबंध में डीएम के माध्यम से महानिदेशक सूचना एवं लोक संपर्क को ज्ञापन प्रेषित किया।
महानिदेशक सूचना एवं लोक संपर्क विभाग को भेजे पत्र में सांस्कृतिक दलों के संचालकों ने कहा कि जनपद के सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग में 13 सांस्कृतिक दल पंजीकृत हैं जिनके माध्यम से करीब 60 से 70 कलाकार जुड़े हैं। दलों को शासकीय प्रचार-प्रसार के लिए कार्यक्रम आवंटित किए गए हैं जिसमें जियो टैगिंग के साथ प्रतिदिन एक कार्यक्रम करने का आदेश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पहाड़ की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यह संभव नहीं है कि जियो टैगिंग के साथ फोटो की जा सके। साथ ही कई दलों को उनके मुख्यालय से 250 से 300 किमी दूरी पर कार्यक्रम आवंटित किए गए हैं। दलों को 2400 से 8400 रुपये तक ही मानदेय दिया जाता है। ऐसे में दलों के लिए यह संभव नहीं है कि वह पूरे सदस्यों के साथ इतनी दूरी तय कर कार्यक्रम आयोजित कर सकें। उन्होंने दलों के मानदेय में बढ़ोतरी करने की मांग की।
साथ ही उन्होंने आवंटित कार्यक्रमों में प्रतिदिन एक कार्यक्रम की जियोटैग फोटो की बाध्यता को समाप्त करने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में भागीरथी कला संगम के मुकेश नौटियाल, कला मंच के नवीन सिंह कठैत, संवेदना समूह के संजय पंवार, जगदेई कला मंच के किशन सिंह, केदार कुंड लोक कला मंच के राम कौशल, सावन लोकगीत दल के राजकुमार व सोमेश्वर लोकगीत कला मंच के अध्यक्ष सैरुं लाल मौजूद रहे।