नौगांव (उत्तरकाशी)। सुनारा गांव में आयोजित मेले में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर आराध्य देव मदेश्वर महाराज के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।
दो दिन पहले गांव के आराध्य देव मदेश्वर महाराज की देव डोली कोटियाल गांव स्थित मंदिर के गर्भगृह से बाहर निकली और सुनारा गांव पहुंची। सुनारा में पांडवों की चौंरी और पंचायत चौक पर ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा कर देव डोली का भव्य स्वागत किया। क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल ने गांव के सामुदायिक विकास कार्यों के लिए विधायक निधि एवं जिला योजना से 10 लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही जट्टा-सुनारा-कोटियालगांव मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति दिलाने का आश्वासन भी दिया।
ग्रामीणों ने भगवान भोले शंकर के शक्ति स्वरूप माने जाने वाले मदेश्वर महाराज को भोग के रूप में आटे का हलवा, पूरी और पंचगव्य अर्पित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य विजय बंधानी, ग्राम प्रधान धीरेन्द्र राणा, ई. मनोज रावत, कमला राणा, राहुल नौटियाल, सोबेन्द्र सिंह, रमेश चंद, कृपाल सिंह, मनोज कुमार मौजूद रहे।