बीते करीब एक हफ्ते से लापता नगर के प्रमुख टेंट कारोबारी भोलू सिंह का शव जोशियाड़ा बैराज जलाशय से बरामद हुआ। परिजनों ने दो दिन पहले ही थाना कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
भोलू सिंह (47) पुत्र स्व.गोविंद सिंह बीते करीब एक हफ्ते से लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चलने पर उसके पुत्र गौरव ने दो दिन पहले थाना कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बृहस्पतिवार को जोशियाड़ा बैराज जलाशय में एक व्यक्ति का शव फंसा होने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को जलाशय से बाहर निकलवाया। परिजनों ने उसकी शिनाख्त भोलू सिंह के रूप में की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला अस्पताल पहुंचाया है। शुक्रवार को पीएम के बाद ही उसकी मौत का कारण पता चल पाएगा।