पुरोला। यहां एक शिक्षिका के भारतीय स्टेट बैंक स्थित खाते से 80 हजार रुपये उड़ा लिए गए। साइबर अपराधियों ने यह रकम छह और सात अगस्त मुंबई में एटीएम से निकाली है। स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि शिक्षिका के खाते की निकासी पर रोक लगा दी गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बनिता पंवार यहां राजकीय बालिका इंटर कालेज में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षिका के भतीजे ने कुछ दिन पूर्व एटीएम के लिए आवेदन किया था। उसको पांच अगस्त को फोन आया कि उसका एटीएम बनाने के लिए किसी रिश्तेदार के खाते नंबर की आवश्यकता है, उसने अपनी बुआ बनिता पंवार का खाता नंबर दे दिया। नंबर मिलते ही ठगों ने अध्यापिका के खाते से 80 हजार की धनराशि उड़ा ली। यह धनराशि एक ही एटीएम से चार किश्तों में निकाली गई। ब्यूरो