युवाओं को जागरूक करने पर भी दिया जोर
उत्तरकाशी। जनपद में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सीमावर्ती क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी पर कड़ी नजर रखने के साथ दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है।
बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय एनकोर्ड समिति की बैठक में नशे की रोकथाम और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने राजस्व और वन विभाग को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी करने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने तहसील स्तर पर पिछले वर्षों में नशे से जुड़े मामलों में की गई कार्रवाई की अद्यतन रिपोर्ट मांगी। साथ ही एनडीपीएस एक्ट के तहत सामने आने वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। सभी संबंधित विभागों को अपने स्तर पर की गई कार्रवाई की जानकारी जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम आर्य ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए सख्त कार्रवाई के साथ लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है। आगामी राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में करियर काउंसलिंग और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को शामिल किया जाएगा।
बैठक में उपनिदेशक गोविंद वन्य जीव विहार निधि सेमवाल, उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश कुमार तिवारी, सीओ जनक पंवार, सीएमओ डॉ. श्याम विजय और सीईओ अमित कोटियाल सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।