चिन्यालीसौड़। नगर पालिका के वार्ड संख्या सात बड़ेथी की मूलभूत समस्याओं को लेकर सभासद मनवीर सोमवार से पालिका परिसर में भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उन्होंने जिलाधिकारी और तहसीलदार को पत्र भेजकर समस्याओं के समाधान के साथ नगर पालिका प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
सभासद के अनुसार वार्ड में लंबे समय से पथ प्रकाश, सफाई और झाड़ी कटान की समस्या बनी हुई है। कई स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने और झाड़ियों के बढ़ने से लोगों को परेशानी हो रही है। जंगली जानवरों और गुलदार की मौजूदगी की आशंका के बीच यह समस्या सुरक्षा से भी जुड़ी है। मनवीर ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को कई बार लिखित रूप से अवगत कराया गया और बोर्ड बैठकों में प्रस्ताव भी रखे गए लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
भूख हड़ताल से पहले सभासद ने आठ मांगें रखी हैं। इनमें सभी जरूरी स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने, खराब लाइटों की मरम्मत और नियमित झाड़ी कटान-सफाई की व्यवस्था प्रमुख है। संवाद