उत्तरकाशी। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ती आपराधिक घटनाओं और पुलिस प्रशासन की कथित निष्क्रियता के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने हनुमान चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।
बुधवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए। वहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि ऊधमसिंह नगर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कई बार के विधायक तिलकराज बेहड़ के साथ कथित अभद्र व्यवहार और दबंगई की घटना के दौरान पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हुए हैं। इस मौके पर घनानंद नौटियाल, कनक पाल सिंह परमार, शूरवीर सिंह राणा, उत्तम सिंह गुसाईं, शीशपाल पोखरियाल, पपेंद्र नेगी, रमन कठेत, सुधीश पंवार, हिमांशु सेमवाल, आदर्श राणा, दीपक नेगी आदि मौजूद रहे। संवाद