डुंडा युवा मंडल का सम्मेलन हुआ, जिसमें भाजपा को जिले से आगामी विधानसभा चुनाव में बढ़त दिलाने का संकल्प लिया गया। तय किया गया कि जिस भी प्रत्याशी को पार्टी टिकट देगी, उसको विजयी बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य किया जाएगा।
डुंडा में आयोजित भाजपा के युवा सम्मेलन में पूर्व विधायक गोपाल सिंह रावत ने युवा कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा गंगोत्री ही नहीं, बल्कि जिले की तीनों विधानसभा सीट जीतेगी और प्रदेश में भाजपा नीत सरकार बनेगी।
उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भूमाफिया, खनन व शराब माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की जनता की गाढ़ी कमाई को विकास में लगाने की बजाय चहेतों को पनपाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है। चुनाव में कांग्रेस ने जो दावे किए थे, वे पांच सालों में पूरे नहीं हुए। कार्यक्रम में हरीश सेमवाल, जयवीर चौहान, सुधा गुप्ता, सुरेंद्र नौटियाल, विजय संतरी आदि मौजूद थे।