उत्तरकाशी। भटवाड़ी ब्लॉक के गजोली गांव में ग्रामीणों ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक सभा का आयोजन किया। सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान डॉ. राधेश्याम खंडूड़ी ने कहा कि मेजर जनरल ने अपने राजनीतिक जीवन में प्रदेश के विकास और जनता की सेवा को हमेशा प्राथमिकता दी। ग्रामीणों ने उनके योगदान को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कहा कि उनके निधन से उत्तराखंड की राजनीति और समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। इस मौके पर कमलेश्वर खंडूड़ी, शंकर खंडूड़ी, चंद्रशेखर खंडूड़ी, प्यारेराम खंडूड़ी, ज्योति खंडूड़ी आदि मौजूद रहे। संवाद
...............................................
बालश्रम और बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर जताई चिंता
उत्तरकाशी। डीएम प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय बालश्रम उन्मूलन टॉस्क फोर्स की बैठक में बालश्रम और बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गंभीर चिंता जताई गई। डीएम ने पुलिस और बाल संरक्षण इकाई को संयुक्त रूप से गंगोत्री धाम व यमुनोत्री धाम सहित यात्रा मार्ग पर स्थित होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंटों में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से मजदूरी कराना अपराध है और ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिला टास्क फोर्स को समय-समय पर औचक छापेमारी करने के निर्देश भी दिए गए। यदि कहीं भी कोई बच्चा बाल मजदूरी करते हुए दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने या चाइल्ड हेल्पलाइन को दें ताकि बच्चों को रेस्क्यू कर उनका बचपन सुरक्षित किया जा सके। इस मौके पर मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, एसीएमओ विनोद कुमार पांगती, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह पंवार, जिला प्रोबेशन अधिकारी शोएब हुसैन, सब इंस्पेक्टर गीता, प्लान इंडिया के राज्य प्रबंधन प्रतिनिधि गोपाल थपलियाल आदि मौजूद रहे। संवाद
.......................................
पुलिस ने बिछडे तीर्थ यात्री को परिजनों से मिलाया
उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा के दौरान पुलिस की तत्परता एक बार फिर श्रद्धालुओं के लिए संजीवनी साबित हुई। हाथरस, उत्तरप्रदेश निवासी बुजुर्ग श्रद्धालु प्रदीप कुमार (76 वर्षीय) गंगोत्री यात्रा के दौरान नेताला क्षेत्र में अपने परिवार से बिछुड़ गए। देर रात परिजनों ने मनेरी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद बुजुर्ग श्रद्धालु को सुरक्षित तलाश कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान पुलिस लगातार श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता और सुविधा के लिए मुस्तैदी से कार्य कर रही है। संवाद
.......................................
स्वास्थ्य विभाग ने चलाया टीबी मुक्त कार्यक्रम
उत्तरकाशी। जनपद में 100 दिवसीय टीबी मुक्त कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार जागरूकता व स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नौगांव ब्लॉक के गातु ग्राम सभा और चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के तुलयारा गांव में टीबी जागरूकता व स्क्रीनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर के दौरान ग्रामीणों को टीबी रोग के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों के एक्स-रे किए। इसके साथ ही संभावित मरीजों के स्पुटम सैंपल भी संग्रहित किए। चिकित्सकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी रोग की समय रहते पहचान कर मरीजों को उचित उपचार उपलब्ध कराना और क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाना है। कार्यक्रम में टीबी सुपरवाइजर, सीएचओ, आशा कार्यकर्ता और ग्राम प्रधान मौजूद रहे। संवाद
.................................................................................................
बैठक में नई जिम्मेदारियों की घोषणा.
पुरोला। जिलाध्यक्ष शान्ति प्रसाद सेमवाल की अध्यक्षता में सेवा भारती की बैठक संघ कार्यालय आयोजित हुई। बैठक में सेवा भारती के विस्तार को लेकर ब्लॉक व जिला स्तर पर नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई। जिला प्रचारक नवीन ने कहा कि सेवा भारती ग्रामीण क्षेत्रों और झुग्गी-झोपड़ियों में शिक्षा, छात्रावास और संस्कार केंद्रों के माध्यम से समाज में समरसता और राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रही है। सह विभाग मंत्री लोकेश बडोनी ने कहा कि सेवा और संस्कार के माध्यम से समाज में भेदभाव समाप्त होता है और नई जिम्मेदारियां संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करती हैं। बैठक में बलवीर कन्डियाल को सह जिलामंत्री, मीलावती राणा को जिला महिला प्रमुख, जगदीश लिंगवाल को ब्लॉक अध्यक्ष और रेखा रावत को ब्लॉक महिला प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई। संवाद