उत्तरकाशी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और उत्तरकाशी जिले के प्रभारी सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि राज्य की जनता भारतीय जनता पार्टी के सात साल के कुशासन से परेशान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार आज मात्र भ्रष्टाचार में लिप्त है।
कांग्रेस पार्टी के जिला कार्यालय में सूर्यकांत धस्माना ने पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि अनिल यादव जैसे व्यक्ति जिन पर भ्रष्टाचार का आरोप है उसे यूपीसीएल के एमडी के पद पर दो वर्ष का सेवा विस्तार दे दिया गया। साथ ही प्रदेश में खनन का कार्य हैदराबाद की निजी कंपनी को सौंप कर खुलेआम आम आदमी को लूटा जा रहा है और प्रदेश को पर्यटन प्रदेश बनाने की जगह शराब की दुकानें खोलकर प्रदेश को मदिरा राज्य बना दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और रोजगार के नाम पर प्रदेश सरकार और भाजपा नेताओं के संरक्षण में भर्ती घोटाला कर नौकरियां बेचने का काम हुआ है। साथ ही पिछले सात वर्षों में महिलाओं के खिलाफ हिंसा, बलात्कार और हत्या के रिकॉर्ड मामले हुए हैं। इसमें कई भाजपा नेताओं के नाम सामने आए, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस मौके पर मनीष राणा, घनानंद नौटियाल, जगमोहन रावत, विजय सेमवाल, विजेंद्र नौटियाल, शीशपाल पोखरियाल, कविता जोगेला, राखी राणा, सविता राणा, एकादशी, विक्रम रावत, पन्ना लाल, कमल नाथ, अनमोल, दीपक सेमवाल, सतेंद्र कुमाई आदि मौजूद रहे।