कॉलेज में कक्षाओं के संचालन की तैयारियां पूरी
नौगांव (उत्तरकाशी)। रवांई घाटी के बर्निगाड कुंवा राजकीय महाविद्यालय में इसी सत्र से वाणिज्य की पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद है। कॉलेज में कक्षाओं के संचालन की तैयारियां पूरी कर ली गई है। विश्वविद्यालय और शासन की संयुक्त पैनल टीम व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लौट चुकी है। अब पैनल की रिपोर्ट को विश्वविद्यालय और राजभवन की मंजूरी का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही वाणिज्य की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।
कॉमर्स की कक्षाओं के लिए इंटर कॉलेज के चार कमरों को अधिग्रहित किया गया है। इनमें जरूरी व्यवस्थाएं जुटा ली गई हैं। कॉलेज में प्राचार्य, वाणिज्य के असिस्टेंट प्रोफेसर समेत दो कर्मचारियों की तैनाती भी हो चुकी है। वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बर्निगाड में डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की थी।
चार साल बाद कॉलेज के धरातल पर उतरने से क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की राह मिली है। यमुनोत्री हाईवे से लगे इस कॉलेज से नौगांव ब्लॉक की मुंगरसंती, गोडर खाटल और केदार पट्टी के दर्जनों गांवों के साथ देहरादून जिले के लाखामंडल क्षेत्र के युवाओं को भी फायदा होगा। आने वाले समय में कॉलेज में वाणिज्य के साथ बीसीए, बीबीए, पत्रकारिता और बीटीसी जैसे पाठ्यक्रम शुरू किए जाने की योजना है।
इससे इन क्षेत्रों के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए उत्तरकाशी और देहरादून का रुख नहीं करना पड़ेगा। भाजपा मंडल महामंत्री प्रताप चौहान ने कहा कि डिग्री कॉलेज का संचालन क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। वहीं, कॉलेज के प्राचार्य आरपी बडोनी ने बताया कि पैनल टीम व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर चुकी है। रिपोर्ट को मंजूरी मिलते ही इसी सत्र में वाणिज्य की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।