मोरी में 20 साल में 451 मकान आग की भेंट चढ़े
मोरी तहसील के गांवों में अग्निकांड का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार रात पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड ने एक बार फिर इस खतरे की भयावह तस्वीर सामने ला दी। यहां करीब 33 आवासीय मकान जलकर राख हो गए, जिससे 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। प्राथमिक विद्यालय और पंचायत भवन भी जल गए।
यह क्षेत्र में आग की कोई पहली बड़ी घटना नहीं है। वर्ष 2006 से अब तक उपलब्ध वर्षवार आंकड़ों के अनुसार मोरी तहसील में अग्निकांड से 451 मकान जल चुके हैं। इनमें पवाणी के 33 मकान भी शामिल हैं। इससे पहले वर्ष 2006 में ढाटमीर गांव में 120 भवन, 2007 में ओसला में 53 और 2008 में जखोल में 44 भवन आग की भेंट चढ़े थे।
इसी वर्ष कोटगांव में आठ, नेटवाड़ में पांच व भीतरी और मजोणी में दो-दो भवन जले थे। वर्ष 2009 में सिदरी में 25 और सुचाण में आठ मकान जले। वर्ष 2013 में सुनकंडी में 22 और सटूड़ी में तीन भवन आग की भेंट चढ़े। वर्ष 2018 में सावणी में 29 और 2020 में मसरी में 28 मकान जल गए थे। वर्ष 2024 में सालरा में 14 और ढाटमीर में तीन व 2025 में सावणी में नौ भवन जले। मोरी क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत गांवों में मकान देवदार और कैल की लकड़ी से बने हैं। आग लगने पर ये भवन तेजी से इसकी चपेट में आ जाते हैं और आसपास के मकानों तक लपटें पहुंचने से बड़ा नुकसान होता है।
पवाणी की ग्राम प्रधान जगतीमा का कहना है कि मोरी विकासखंड के अधिकांश प्रत्येक गांव में 80 से 100 तक मकान होते हैं। बीते वर्षों में कई गांवों के बराबर भवन अग्निकांड में नष्ट हो चुके हैं। ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के साथ ही प्रशासन को भी ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस उपाय करने की जरूरत है।
राख से निकलते धुएं को देख रोते रहे पवाणी के लोग
बीते मंगलवार को मोरी के पवाणी गांव पर आगजनी की घटना का ऐसा कहर बरपा कि गांव के करीब अस्सी प्रतिशत भवन जलकर राख हो गए। बुधवार सुबह तक राख बन चुके भवनों के बीच से आ रहे धुएं को देख कर महिलाएं दिन भर विलाप करती रही। लोगों ने पूरी रात खुले आसमान के नीचे खेतों में रोते हुए काटी। हालांकि बच्चों व बुजुर्गों को पड़ोसी गांव ओसला भेज दिया गया था।
मोरी के पवाणी गांव में हुई अग्निकांड की घटना ने एक बार पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। दिन में एक भवन में रसोई गैस सिलिंडर के लीकेज होने पर लकड़ी के बने भवन में आग फैली। जो देखते ही देखते गांव में फैल गई। दिन की घटना के समय गांव में बहुत कम लोग थे लेकिन उन्होंने किसी प्रकार जन व पशु हानि को बचाया। स्थानीय निवासी चैन सिंह रावत ने बताया कि गांव में करीब पंद्रह भवन बचे हैं। उनको बचाने के लिए लोगों ने अपने राशन आदि को रखने के बनाए गए कोठार उखाड़े।
ये भी पढे़ं...विकासनगर में दर्दनाक हादसा: कोटी रोड के पास खाई में गिरा वाहन, दो साल की बच्ची समेत दो की मौत, तीन घायल
रात तक किसी प्रकार आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक गांव के आधे से अधिक परिवार बेघर हो चुके थे। लोग पूरी रात खेतों में बैठकर विलाप करते रहे। बचे हुए घरों व आसपास के गांव से पहुंचे लोगों ने रात को खिचड़ी बनाकर लोगों को खिलाई। स्थानीय निवासी यश पंवार, कृष्णा देवी, जनक पंवार, विजय पंवार का कहना है कि क्षेत्र में शीतकाल की बर्फबारी को देखते हुए छह माह का राशन, घास, चारा, लकड़ी सब जलकर राख हो गया। अब ऐसी स्थिति से कैसे उबरा जाएगा। कुछ पता नहीं है।