ईको फ्रेंडली टूरिज्म को बढ़ावा देने और उत्तराखंड में सुरक्षित यात्रा का संदेश देने के उद्देश्य से निकाली जा रही द अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज साइकिल रैली बृहस्पतिवार को चिन्यालीसौड़ पहुंची। यहां प्रशासन, गढ़वाल मंडल विकास निगम एवं कुमाऊं मंडल विकास निगम के कर्मचारियों ने रैली का स्वागत किया।
रैली के संयोजक साइकिल फडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव ओंकार सिंह ने बताया कि उत्तराखंड में दूसरी बार यह रैली आयोजित की गई। इसमें देश के 17 राज्यों के अलावा न्यूजीलैंड, अमेरिका, कनाडा, श्रीलंका एवं नेपाल तथा इंडियन आर्मी, बीएसएफ, एसएसबी के कुल 112 लोगों ने प्रतिभाग किया।
इनमें से 63 साइकिलिस्ट चिन्यालीसौड़ पहुंचे। यहां नगर पंचायत अध्यक्ष शूरवीर रांगड़, एसडीएम विजयनाथ शुक्ल, पर्यटन अधिकारी केएस नेगी, एसओ रविंद्र यादव आदि ने रैली का स्वागत किया।
केएमवीएन के प्रबंधक जीएस मनराल एवं साहसिक खेल प्रबंधक वीरेंद्र गुसाईं ने बताया कि रैली में साइकिलिस्ट कुल 628 किमी दूरी तय करेंगे। 15 अप्रैल को चिन्यालीसौड़ से रवाना होकर रैली मसूरी पहुंचेगी। 16 को देहरादून में पुरस्कार वितरण के साथ रैली का समापन किया जाएगा।