उत्तरकाशी। नगर पालिका बाड़ाहाट के वार्ड दो में बने चिल्ड्रन पार्क की दयनीय स्थिति बनी हुई है। पार्क में लगे झूले, स्लाइड और अन्य खेल उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं जिससे बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में है। सभासद ने डीएम से मुलाकात कर जर्जर हो चुके पार्क का कायाकल्प करने की मांग की।
वार्ड सभासद अमरीकन पुरी ने डीएम प्रशांत आर्य को पत्र सौंपकर बताया कि कलेक्ट्रेट कॉलोनी के घनी आबादी क्षेत्र के समीप स्थित चिल्ड्रन पार्क पूर्व में खनिज न्यास फंड के अंतर्गत निर्मित किया गया था जो लंबे समय तक बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों के लिए मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा लेकिन समय के साथ पार्क में लगे झूले, स्लाइड और अन्य खेल उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। पार्क में न तो बैठने की समुचित व्यवस्था है और न ही किसी प्रकार का शेड उपलब्ध है। डीएम ने जल्द चिल्ड्रन पार्क का कायाकल्प करने का आश्वासन दिया। संवाद