ढोल-दमाऊं और रणसिंगे की थाप पर निकाली गई शोभायात्रा
उत्तरकाशी। गणेश चतुर्थी के अवसर पर असी गंगा घाटी के दस गांवों में गणेश महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। केलशू घाटी के ग्रामीणों ने कंडार देवता मंदिर से भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली।
सोमवार को अगोड़ा, ढासड़ा, दंदालका, भंकोली, गजोली, नौगांव, सेकू और नाल्ड समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण कंडार देवता मंदिर पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने पारंपरिक रासो-तांदी लोकनृत्य की प्रस्तुति देकर पहाड़ की लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। डोडीताल स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर के पुरोहित डॉ. राधेश्याम खंडूड़ी और संतोष खंडूडी ने बताया कि शोभायात्रा के बाद भगवान गणेश की मूर्ति को डोडीताल के बेस कैंप अगोड़ा गांव में स्थापित किया जाएगा।
दस दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। महोत्सव के अंतिम तीन दिनों में जिले के विभिन्न गांवों से देव डोलियों का समागम होगा। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ लोक संस्कृति और परंपरा से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इस मौके पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौहान, मुख्यमंत्री गढ़वाल समन्वय किशोर भट्ट, डुंडा ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, कमल सिंह रावत, उमेश पंवार, दिग्विजय सिंह नेगी, महादेव सिंह रावत, विजय बहादुर सिंह रावत, प्रताप रावत आदि मौजूद रहे।