लॉकडाउन के दौरान अपने मजदूरों को खाद्यान्न और मजदूरी नहीं देना ऑल वेदर रोड निर्माण कार्य में लगी एक कंपनी और ठेकेदार पर भारी पड़ गया। मजदूरों की शिकायत पर धरासू थाना पुलिस ने टीबा स्टार फेरीटेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी और ठेकेदार राजेश खत्री के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
लॉकडाउन के दौरान काम कारोबार ठप पड़ने से यहां दिहाड़ी मजदूरी करने वाले बाहरी राज्यों के मजदूरों के समक्ष रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इसे देखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने भी सभी नियोक्ताओं से लॉकडाउन अवधि में अपने कर्मचारियों एवं श्रमिकों को उनका मानदेय देने और उनके लिए भोजन की व्यवस्था करने की अपील की थी। धरासू थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि धरासू बैंड के निकट चल रहे ऑल वेदर रोड के निर्माण कार्य में लगे 10 नेपाली मजदूरों ने शिकायत की है कि उनके ठेकेदार ने न तो उन्हें मानदेय दिया और न ही खाद्यान्न उपलब्ध कराया। ऐसे में उनके समक्ष दो वक्त की रोटी की समस्या खड़ी हो गई है। इसे गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष ने मजदूरों की तहरीर के आधार पर आरोपी टीबा स्टार फेरीटेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी तथा ठेकेदार राजेश खत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
वेतन नहीं मिलने पर कंपनी कर्मियों में रोष
कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के अंतर्गत सिगड्डी स्थित सिडकुल ग्रोथ सेंटर में एक कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन पर उन्हें फरवरी और मार्च का वेतन नहीं देने का आरोप लगाया। कर्मियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर तत्काल भुगतान की मांग की है।
एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में कर्मियों ने बताया कि कंपनी की ओर से कर्मचारियों को समय पर न तो वेतन का भुगतान ही किया जा रहा है और न ही बोनस और वेतन वृद्धि ही दी जा रही है। उन्होंने प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में विकास केष्टवाल, प्रदीप रावत, संदीप रतूड़ी व अरविंद सिंह शामिल हैं। उधर, कंपनी के मैनेजर देवेंद्र कुमार भटनागर ने बताया कि लोन चुकता नहीं होने के कारण बैंक ने कंपनी का एकाउंट सीज किया है। साथ ही लॉकडाउन के कारण अन्य कंपनियों से भी भुगतान नहीं हो पा रहा है, जल्द ही कर्मचारियों के वेतन के भुगतान की व्यवस्था की जाएगी।