मल्ला गांव के घरों में घुसा मलबा, हुड़ोली के पास बीण गदेरे उफनाया
पुरोला। क्षेत्र में शनिवार रात हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। करड़ा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय की सुरक्षा दीवार भरभराकर ढह गई जिससे विद्यालय भवन की नींव पर खतरा मंडराने लगा है। वहीं, हुड़ोली के समीप बीण गदेरे में अचानक उफान आने से पानी और भारी मात्रा में मलबा मल्ला गांव में घुस गया जिससे ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।
देर रात हुई तेज बारिश के दौरान विद्यालय के सामने बनी सुरक्षा दीवार अचानक ढह गई। इससे भवन की सुरक्षा के साथ-साथ यहां अध्ययनरत नौनिहालों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान विद्यालय के नीचे हुए निर्माण कार्य से दीवार से सटी भूमि कमजोर हो गई थी जिससे लगातार बारिश का दबाव पड़ते ही दीवार धराशायी हो गई।
ग्राम प्रधान कुलवंती देवी ने प्रशासन से सुरक्षा दीवार का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग करते हुए कहा कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो विद्यालय भवन को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। खंड शिक्षा अधिकारी पूजा नेगी ने बताया कि एहतियात के तौर पर प्रधानाध्यापक को फिलहाल प्राथमिक विद्यालय की कक्षाएं जूनियर विद्यालय भवन में संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा जा रहा है।
उधर, बीण गदेरे में अचानक आए पानी और मलबे से मल्ला गांव के रास्ते बाधित हो गए। सूचना मिलते ही तहसीलदार कमल सिंह राठौर राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मलबा हटाकर मार्ग को जल्द सुचारु करने के लिए लोक निर्माण विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।