उत्तरकाशी। आगामी निकाय चुनाव के लिए भाजपा पर्यवेक्षकों एवं जमीनी सर्वे के आधार पर उम्मीदवारों का पैनल तैयार करेगी। सोमवार को भाजपा ने अपने कार्यालय में चुनाव तैयारी को लेकर रायशुमारी बैठक का आयोजन किया, जिसमें निकाय चुनाव में एकतरफा जीत ध्यान में रखते हुए चुनाव तैयारियों को अंजाम देने की बात कही गई।
ज्ञानसू स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी नीरू देवी का पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र राणा, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने मंडल इकाइयों से निकाय चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की।
पार्टी जिलाध्यक्ष सत्येंद्र राणा ने कहा कि पार्टी सभी निकायों को जीतने की दृष्टि से अपनी तैयारियों को अंतिम रूप से रही है। मंडलवार एवं निकायवार स्थानीय राजनैतिक और सामाजिक समीकरणों पर फीड बैक लिया गया है। चुनाव की दृष्टि से बेहतर उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की गई है। आगे निकाय चुनाव की घोषणा के साथ सभी जगह पार्टी पर्यवेक्षक भेजे जाएंगे, जो स्थानीय कार्यकर्ताओं, जनता और इच्छुक प्रत्याशियों के नामों का पैनल तैयार करेंगे।
वहीं, प्रत्याशियों के चयन में सहायता के लिए जमीनी सर्वे भी कराया जाएगा। जिला प्रभारी नीरू देवी ने कहा कि भाजपा हर चुनाव के लिए तैयार रहती है। गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि नगर पालिका, नगर पंचायत चुनावों में जनता का आशीर्वाद मोदी और धामी के विकास कार्यों को मिलने वाला है। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष सुधा गुप्ता, अतोल रावत, अमीर चंद शाह, शशि मोहन सिंह, जयवीर चौहान, नागेंद्र सिंह चौहान, पवन नौटियाल, राजेंद्र गंगाड़ी, उपेंद्र असवाल, प्रवीन रावत व विनोद रावत आदि रहे।