पुरोला। लंबित मांगों के निराकरण को लेकर भोजन माताओं ने शनिवार को तहसील परिसर पुरोला में धरना प्रदर्शन किया। विद्यालयों में निर्धारित कार्य निपटाने के बाद धरने पर पहुंचीं भोजन माताओं ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि एक दिसंबर तक सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में कार्यबहिष्कार शुरू किया जाएगा।
भोजन माताओं ने कहा कि वे लंबे समय से विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना के संचालन की जिम्मेदारी निभा रही है। उन्होंने सरकार से मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि करने, 12 माह का वेतन देने, राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने और विद्यालय बंद होने की स्थिति में अन्य विद्यालयों में समायोजित करने की मांग की। धरना देने वालों में सुभद्रा देवी, वीना देवी, रुक्मणि देवी, सुनीता, सरोज, शैला देवी, सुरतमा और जमोत्री देवी आदि मौजूद रहीं। संवाद