लंबित मांगों को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विकासखंड कार्यालय में तालाबंदी के साथ प्रदर्शन किया।
उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने पर सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दी है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य ब्लाक प्रमुख शारदा राणा के नेतृत्व में ब्लाक मुख्यालय पर एकत्र हुए।
उन्होंने 14वें वित्त की धनराशि का आवंटन पूर्व की भांति करने, क्षेत्र पंचायत निधि यथावत रखने तथा त्रिस्तरीय पंचायतों को सौंपे गए 29 विभागों के प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार पंचायतों को सौंपने की मांग की।
इन मांगों को लेकर उन्होंने बीडीओ कार्यालय पर तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया।
प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर उन्होंने शीघ्र मांगें पूरी न होने पर सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दी।
प्रदर्शनकारियों में ज्येष्ठ उपप्रमुख किशन लाल, ललिता देवी, रामचंद्री देवी, राजकुमारी, मंगला देवी, यशवंत रावत, रणदास आदि शामिल थे।