भटवाड़ी की बीडीसी बैठक अधिकारियों के उपस्थित नहीं होने पर हंगामे की भेंट चढ़ी। सदस्यों ने अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर बैठक का विरोध किया और सदन से वॉक आउट कर दिया, जिससे बैठक स्थगित हो गई। बैठक अब आगामी एक जून को आहूत की गई है।
ब्लाक प्रमुख भटवाड़ी ने बताया नालू पानी में बस हादसे के कारण सभी अधिकारी नहीं आ पाए हैं। बुधवार को भटवाड़ी ब्लाक के सभागार में बीडीसी बैठक ब्लाक प्रमुख चंदन सिंह पंवार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक शुरू होने से पहले ही अधिकारियों के नहीं होने से जनप्रतिनिधियों ने हंगामा शुरू कर दिया।
प्रधान संगठन के अध्यक्ष अनिल रावत ने बताया कि अधिकांश समय इन बैठक से अधिकारी गायब ही मिलते हैं, जिससे बैठक में जिन समस्याओं पर चर्चा व समाधान करने की बात आती है। तो संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद नहीं होते हैं।
ऐसे में गांव से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा। अधिकारियों के बैठक में न होने के कारण सभी जनप्रतिनिधियों ने बैठक का बहिष्कार किया। इस मौके पर बीडीओ बीडी रतूडी, धर्म सिंह नेगी, संजय पंवार, धर्मेन्द्र राणा, राजकेन्द्र, अरविंद नेगी, कमला रावत, श्याम देवी, कविता रतूड़ी, रीना देवी, रामचंद्र सिंह, विपिन राणा आदि मौजूद रहे।