कोविड-19 व्यवस्थाओं के लिए जिले के प्रभारी बनाए गए राज्यमंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने वर्चुअल बैठक के माध्यम से व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी में भी 4-5 ऑक्सीजन युक्त कोविड बेड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कोविड महामारी को लेकर काउंसिलिंग के लिए ब्लाक स्तर पर टोल फ्री नंबर जारी करने को कहा।
कोविड व्यवस्थाओं के लिए सरकार ने सूबे के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री स्वामी यतीश्वरानंद को जिले का प्रभारी मंत्री बनाया है। सोमवार को उन्होंने वर्चुअल बैठक कर जिले में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि जिले में ऑक्सीजन एवं दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। जिला अस्पताल में 120 आक्सीजन बेड हैं। जिले में रोजाना करीब एक हजार लोगों की सैंपलिंग की जा रही है। डोर टू डोर सर्वे कर मरीजों को चिह्नित किया जा रहा है। इसके लिए 27 टीमें बनाई गई हैं। जिले में मरीजों को लाने ले जाने के लिए 19 आपात एंबुलेंस हैं। टीकाकरण के लिए 50 केंद्र बनाए गए हैं। वैक्सीन उपलब्ध होते ही टीकाकरण कार्य में तेजी लाई जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने जिले के सभी सीएचसी एवं पीएचसी में भी 4-5 ऑक्सीजन युक्त कोविड बेड लगवाने व काउंसिलिंग के लिए ब्लाक स्तर पर टोल फ्री नंबर जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी से निपटने के लिए संसाधनों की कमी नहीं है। जिलास्तर से डिमांड मिलते ही जरूरी सामान उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस मौके पर यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने भी जरूरी सुझाव दिए। बैठक में एसपी मणिकांत मिश्रा, एडीएम तीर्थपाल सिंह, सीएमओ डा. डीपी जोशी, सीएमएस डा. एसडी सकलानी, देवेंद्र पटवाल आदि मौजूद रहे।