सड़क दुर्घटना में पिता की मौत का दुख भी कक्षा 12 की छात्रा अंजलि का विद्यालय व जनपद के लिए कबड्डी खेलने का जुनून व समर्पण कम नहीं कर पाया। 11 नवंबर को अंजलि के पिता की मृत्यु हो गई थी। बावजूद इसके अंजलि 14 नवंबर से शुरू होने वाली राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। अंजलि इस प्रतियोगिता में उत्तरकाशी जनपद टीम की कप्तान भी हैं।
कहते हैं कि जब आत्मबल ऊंचा हो और कुछ करने का जुनून हो तो विपरीत परिस्थितियां भी इंसान को मजबूत बनाती हैं। जीआईसी नेटवाड़ मोरी की छात्रा अंजलि ने इसे चरितार्थ किया है। 11 नंबवर को मोरी क्षेत्र में हुई वाहन दुर्घटना में अंजलि के पिता विजय कुमार की मौत हो गई थी। जीआईसी नेटवाड़ के प्रधानाचार्य पीएल सेमवाल ने बताया कि उनके विद्यालय से तीन छात्राएं अंजलि, करिश्मा व बालेश्वरी का चयन राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए उत्तरकाशी जनपद की बालिका टीम में हुआ है। अंजलि जनपद टीम की कप्तान बनाई गईं हैं।
प्रधानाचार्य सेमवाल ने बताया कि अंजलि के पिता की मौत की सूचना पर वह अपने साथी शिक्षक धीरेंद्र चमोली के साथ अंजलि के घर गए। घर का माहौल देख अंजलि के प्रतियोगिता में प्रतिभाग को लेकर भी मन में संशय पैदा हुआ। सेमवाल ने बताया कि जब वह अंजलि के घर से लौट रहे थे तो उसने कहा के वह 14 नवंबर से आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा करेगी।