पीएमजीएसवाई डिवीजन की टीम ने तैयार किया वैकल्पिक पैदल मार्ग
पुरोला। सांकरी–ओसला मोटर मार्ग पर गियागाड में भारी बारिश से अस्थायी पुलिया बहने से कई दिनों से प्रभावित ग्रामीणों की आवाजाही अब बहाल हो गई है। प्रशासन के निर्देश पर पीएमजीएसवाई पुरोला डिवीजन की टीम ने मौके पर पहुंचकर वैकल्पिक पैदल मार्ग तैयार कर दिया है। रास्ता बनने के बाद ओसला समेत आसपास के गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, हर बरसात में संपर्क बाधित होने की समस्या को देखते हुए ग्रामीणों ने यहां स्थायी समाधान की मांग उठाई है।
गियागाड में लगातार बारिश के चलते नदी का जलस्तर बढ़ गया था। तेज बहाव से अस्थायी पुलिया बह गई जिससे ओसला और आसपास के गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया था। पुलिया टूटने के बाद ग्रामीणों के लिए नदी पार करना जोखिमभरा हो गया था। रोजमर्रा के सामान की खरीदारी से लेकर मरीजों और स्कूली बच्चों की आवाजाही तक प्रभावित रही।
मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सोमवार को पीएमजीएसवाई की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक पैदल मार्ग तैयार किया। इसके बाद ग्रामीणों का आवागमन फिर शुरू हो गया। ग्रामीण ठाकुर सिंह, हरि सिंह और राजपाल रावत समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया बहने के बाद लोगों को नदी पार करने में काफी परेशानी हो रही थी जिससे अब छुटकारा मिल गया है।