बड़कोट। सरुखेत से दोबाटा तक हाईवे चौड़ीकरण का मामला लंबे समय से लंबित और विवादों में चल रहा था। नगरवासियों की लगातार मांग थी कि एनएच को बड़कोट बाजार से जोड़ा जाए। अब सरुखेत से दोबाटा तक एनएच चौड़ीकरण किए जाने पर लोगों ने सहमति जताई है। हाईवे के सरुखेत से दोबाटा बड़कोट तक एलाइनमेंट के चौड़ीकरण को लेकर उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को आम बैठक की गई।
बैठक में बड़कोट बाजार से होकर एनएच चौड़ीकरण किए जाने पर आम सहमति बनी। नगरवासियों की लगातार मांग की थी कि एनएच को बड़कोट बाजार से जोड़ा जाए। एलाइनमेंट क्षेत्र में आपत्तियां सामने आने के बाद इस संबंध में एनएच कार्यालय में बैठक आहूत की गई जिसमें विस्तृत चर्चा के बाद सभी पक्षों ने सरुखेत से दोबाटा तक एनएच चौड़ीकरण किए जाने पर सहमति जताई।
बैठक में यह भी मांग की गई कि एलाइनमेंट से संबंधित प्रस्ताव को शीघ्र तैयार कर भेजा जाए। बैठक में उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, पालिकाध्यक्ष विनोद डोभाल, अधिशासी अभियंता मनोज रावत, ईओ उमेश सुयाल, सांसद प्रतिनिधि भरत सिंह रावत मौजूद थे। संवाद