पर्यटन विभाग की ओर से जनपद के युवाओं को स्कीइंग, हॉट एयर बैलूनिंग, जलक्रीड़ा, साइकिलिंग, पैराग्लाइडिंग आदि विभिन्न साहसिक खेलों का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग ने इच्छुक युवाओं से 20 दिसंबर तक आवेदन मांगे हैं।
जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री ने बताया कि जनवरी एवं फरवरी में जिले के विभिन्न हिस्सों में प्रशिक्षण चलाए जाएंगे। इसमें फोल्ड धनारी में दस दिवसीय एडवेंचर फाउंडेशन कोर्स के साथ ही दयारा भरनाला, चाईंशील व गुलाबीकांठा में 7-7 दिन के स्कीइंग प्रशिक्षण, चिन्यालीसौड़ एवं बड़कोट में 5-5 दिन के हॉट एयर बैलूनिंग, चिन्यालीसौड़ में सात दिवसीय जल क्रीड़ा, उत्तरकाशी एवं पुरोला में 5-5 दिन के साइकिलिंग प्रशिक्षण एवं इवेंट तथा सात दिवसीय पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण शिविर चलाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि एडवेंचर फाउंडेशन कोर्स में 35 तथा अन्य कोर्स में 20-20 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कोर्स में शामिल होने के लिए प्रतिभागी का आठवीं कक्षा उत्तीर्ण और 14 वर्ष से अधिक आयु होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी 20 दिसंबर तक पर्यटन विभाग के दफ्तर में आवेदन कर सकते हैं।