कोरोना महामारी के बीच प्रशासन ने आगामी मानसून सीजन की तैयारियां शुरू कर दी है। डीएम डा. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदाओं का देखते हुए सभी विभागों को अलर्ट रहने की जरूरत है।
सोमवार को डीएम ने आपदा कंट्रोल रूम से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी एसडीएम को तहसील स्तर पर आपदा प्रबंधन के लिहाज से जरूरी उपकरण सूचीबद्ध एवं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बीआरओ एवं एनएच के अधिकारियों को डेंजर जोन चिह्नित करने व वहां सड़क अवरुद्ध होने पर तत्काल यातायात बहाली के लिए जरूरी मशीनें तैनात करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को गर्भवती महिलाएं चिह्नित करने व आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस आदि संसाधन तैयार रखने को कहा। जिला पूर्ति अधिकारी को दूरस्थ क्षेत्रों में पर्याप्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने तथा ईंधन की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। एसपी पंकज भट्ट ने बताया कि आपदा के दौरान खोज एवं बचाव के लिए पुलिस कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। बैठक में एसडीएम पुरोला मनीष कुमार, एडीएम तीर्थपाल सिंह, एसडीएम सोहन सैनी, चतर सिंह चौहान, लोनिवि के ईई राजेंद्र खत्री, आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल आदि मौजूद रहे।