उत्तराखंड क्रांति दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पार्टी से निष्कासित केंद्रीय मंत्री, जिला संरक्षक व जिला प्रभारी विष्णुपाल रावत के समर्थन में आ गए हैं। रविवार को पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने बैठक कर केंद्रीय मंत्री के निष्कासन का विरोध किया। उन्होंने कहा कि एक हफ्ते के अंदर पार्टी नेतृत्व केंद्रीय मंत्री का निष्कासन वापस नहीं लेता है, तो वह अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे देंगे।
रविवार को जड़भरत मार्ग स्थित पार्टी कार्यालय में उक्रांद के जिला संरक्षक जेठूलाल भारती की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, जिसमें पूर्व संयोजक व केंद्रीय सह प्रभारी भगवान दास मिनान ने पार्टी के वरिष्ठ नेता विष्णुपाल रावत के निष्कासन का विरोध किया। उन्होंने कहा कि सीएम को गंगोत्री विस से उपचुनाव लड़ने संबंधी जो बयान उन्होंने दिया। उसे गलत ढंग से पेश किया गया। जबकि उनके ऐसा कहने की मंशा नहीं थी। वहीं जिला प्रभारी के समर्थन में रुड़की से पहुंची पार्टी की महिला नेता राधा नेगी ने कहा कि पार्टी में अपने विचार रखने की आजादी होनी चाहिए। हरीश सेमवाल ने भी पार्टी नेतृत्व की कार्रवाई को गलत बताया। कहा कि गंगोत्री विधानसभा के विकास के मकसद से उन्होंने अपनी बात रखी थी, जिस पर राजनीति हुई। बैठक में प्रभुदत्त भट्ट, भगवान खरोला, दिनेश कुमार, भजनलाल शाह, कुलदीप सेमवाल, अनिल देवरानी, संजय धवन आदि मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष ने बैठक पर जताया एतराज
उक्रांद के जिलाध्यक्ष संतोष सेमवाल ने कहा कि बैठक के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि वे पार्टी जिलाध्यक्षों की बैठक के लिए बद्रीनाथ धाम जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व की ओर से पूरे मामले की 15 दिवसीय जांच चल रही है, ऐसे में जांच पूरी होने से पहले ही इस तरह बैठक की जानी गलत है।