भटवाड़ी में हादसे को दावत दे रहा क्षतिग्रस्त पुल, आपदा के पांच माह बाद भी नहीं हुआ सुधार
नवला नदी पर बने पुल के पिलर हुए क्षतिग्रस्त, मरम्मतीकरण नहीं होने से दिक्कत
भटवाड़ी। आपदा के पांच माह बाद भी विकासखंड मुख्यालय कार्यालय सहित अस्पताल और राजकीय इंटर कॉलेज को जोड़ने वाले पुल पर सुरक्षात्मक कार्य नहीं हो पाए हैं। इससे आवाजाही खतरनाक बनी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार लोक निर्माण विभाग और प्रशासन को लिखित और मौखिक शिकायत दर्ज करवाई गई लेकिन अभी तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई है।
भटवाड़ी के ग्राम प्रधान विवेक नौटियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य आसित नौटियाल का कहना है कि मानसून सीजन में नवला नदी के उफान पर आने से पुल के पिलर क्षतिग्रस्त हो गए थे। साथ ही वहां पर एक बड़ा गड्ढा हो गया था लेकिन पांच माह बीतने के बाद भी पुल के मरम्मतीकरण के लिए अभी तक किसी प्रकार का कदम नहीं उठाया गया है जबकि यह पुल भटवाड़ी बाजार को विकासखंड कार्यालय सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और राजकीय इंटर कॉलेज को जोड़ता है।
इसके साथ ही यह विकासखंड मुख्यालय के अन्य सरकारी कार्यालयों को भी जोड़ता है लेकिन सुधारीकरण कार्य नहीं होने के कारण इस पर हर समय आवाजाही का खतरा बना रहता है। इससे हर दिन स्कूली बच्चे सहित स्थानीय लोग आवाजाही करते हैं। नौटियाल ने कहा कि इस संबंध में कई बार लोक निर्माण विभाग और प्रशासन को पुल के मरम्मतीकरण के लिए पत्राचार किया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। मरम्मतीकरण का कार्य शुरू नहीं होता है तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।