जल्द समस्या समाधान नहीं होने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
नई टिहरी। मालिकाना हक की मांग को लेकर केमसारी टिनशेड कॉलोनी वासियों ने आंदोलन शुरू कर दिया। मांग के समर्थन में उन्होंने केमसारी में धरना दिया। पुनर्वास निदेशक / डीएम को ज्ञापन प्रेषित कर जल्द ही समस्या के समाधान की मांग की है। ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कॉलोनी के लोग केमसारी में एकत्रित हुए। मालिकाना हक देने की एक सूत्री मांग को लेकर वहां धरने पर बैठ गए। टिनशेड कॉलोनी वासियों का कहना है कि पुरानी टिहरी डूबने के दौरान उन्हें बौराड़ी केमसारी टिनशेड में शिफ्ट किया गया था लेकिन टिनशेड का उन्हें स्थायी आवंटन नहीं किया गया है।
20-22 साल पूर्व आवंटित टिनशेड पूरी तरह से सड़ गए हैं। आवंटन स्थायी नहीं होने के कारण वे मरम्मत और पक्का निर्माण नहीं कर पा रहे हैं जिससे बरसात का पानी कमरों में भर जाता है। दो-तीन परिवार एक शेड के कमरे में रहने को मजबूर हैं। वे लंबे समय से आवंटित टिनशेड के स्थायी आवंटन की मांग कर रहे हैं लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिससे टिनशेड में निवासरत करीब 245 परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मांग के समर्थन में उन्होंने नारेबाजी की। धरना देने वालों में सुरेंद्र खत्री, सुरेंद्र घई, जमीर अहमद, हमीदा खातुन, चंदन लाल, कुशला, अनिता, इल्मूदिन, अब्दूल हमीद, इमरान, मनीष तोमर, नीरज भटनागर, दिलीप कुमार, जितेंद्र घई, अफजाल आदि बैठे रहे।