उत्तरकाशी। विश्वनाथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति की ओर से 17 से 19 अक्तूबर तक आजाद मैदान में आयोजित सैनिक दीपावली मेले में इस बार स्थानीय संस्कृति के रंग भी बिखरेंगे। ढोल सागर स्पर्धा में जिलेभर के ढोल वादक शामिल होंगे। इसके अलावा लक्की ड्रा में प्रथम पुरस्कार जीतने वाले विजेता प्रतिभागी को नैनो कार दी जाएगी।
बुधवार को पत्रकार वार्ता में मेला समिति के अध्यक्ष सूबेदार विरेंद्र सिंह ने बताया कि मेले में ढोल सागर स्पर्धा के साथ ही पूर्व सैनिकों के मेधावी बच्चों, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान तथा गढ़वाल राइफल्स की ओर से पाइप बैंड की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। ढोल सागर स्पर्धा में जिलेभर से ढोल, नगाड़ा और रणसिंगा वादक पहुंचेंगे। इसमें प्रथम स्थान पर रहने वाले वादकों को पांच, द्वितीय तीन तथा तृतीय को दो हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा लक्की ड्रा का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें नैनो कार, स्कूटी, मोटर साइकिल सहित 150 आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। इस मौके पर समिति के संरक्षक मेजर आरएस जमनाल, सचिव मुरारी पोखरियाल, सोवेंद्र भंडारी, मदनमोहन भट्ट, ईलम सिंह आदि मौजूद रहे।