बड़कोट। राहत सहायता वितरण में दोहरे मानकों के खिलाफ तीन दिनों से क्रमिक अनशन पर डटे खरादी के आपदा पीड़ितों ने सोमवार से आमरण अनशन शुरू कर दिया।
दो वर्षों से खरादी कस्बा आपदा की मार झेल रहा है। वर्ष 2012 की बाढ़ में यहां 38 आपदा पीड़ितों को राहत सहायता बांटी गई। इस बार भी बाढ़ में काफी नुकसान हुआ है। प्रशासन ने बीते साल राहत सहायता पा चुके 13 पीड़ित परिवारों को दोबारा 2-2 लाख रुपये की सहायता दे दी। दोबारा सहायता से वंचित 25 परिवार तथा अन्य प्रभावितों ने 23 अगस्त से तहसील परिसर में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया था। कोई सुनवाई न होने पर सोमवार से आपदा प्रभावितों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। उन्होंने एसडीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर राहत वितरण में हुई धांधली की उच्चस्तरीय जांच कराने, खरादी कस्बे को विस्थापित करने तथा खनेड़ा व स्यालना के आपदा पीड़ितों को भी अन्य गांवाें की भांति राहत सहायता देने की मांग की। किताब सिंह, गोपाल सिंह, शूरवीर सिंह, विजेंद्र सिंह, भगत सिंह, त्रेपन लाल व बसंतलाल आमरण अनशन पर बैठे हैं।