भूस्खलन जोन में तैनात पुलिसकर्मियों ने लिए हेलमेट अनिवार्य
एसपी अर्पण यदुवंशी ने पुलिसकर्मियों को मानसून सीजन में मुस्तैदी के साथ ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को हाईवे के भूस्खलन जोन में ड्यूटी के दौरान हेलमेट का प्रयोग करने के निर्देश दिए। कहा कि जो हेलमेट नहीं पहनेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और जवानों की मासिक अपराध की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सभी अधिकारियों और थानाध्यक्षों को अपने-अपने थानों में आपदा बचाव के उपकरणों चालू हालत में रखने के निर्देश दिए।
कहा कि सीएम पोर्टल पर पुलिस से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता से हल करें। इस मौके पर एसपी ने यात्रा में निस्वार्थ सेवा देने वाले स्वयंसेवी राजेश रावत को सम्मानित किया। इस दौरान प्रभारी एसओजी खजान सिंह चौहान, मोरी एसओ मोहन सिंह, प्रभारी निरीक्षक मनेरी अजय सिंह, हर्षिल एसओ दिलमोहन बिष्ट, एसआई विरेंद्र सिंह, तस्लीम आरिफ, अक्षु रानी, हेड कांस्टेबल मोहन ठाकुर, जितेंद्र भंडारी, कांस्टेबल अशोक जुयाल, सुरेंद्र सिंह चौहान, संजय सिंह, विनोद, राकेश, गणेश, प्रकाश, विरेंद्र नेगी, राजेश, विनीता को भी सम्मानित किया गया।
पालछुनी गांव में भू-धंसाव से पांच मकान क्षतिग्रस्त, प्रभावित शिफ्ट
नारायणबगड़ क्षेत्र में हो रही भारी बारिश से पालछुनी गांव में भू-धंसाव हुआ जिससे शिशुपाल लाल, तुलाराम, जशोदा देवी, पुष्कर लाल, प्यूंली देवी के मकान क्षतिग्रस्त हो गए। प्रभावित परिवारों ने पंचायत घर में शरण ली है। इसके अलावा दुलप सिंह व भरत सिंह की गोशाला भी क्षतिग्रस्त हो गई है। शिशुपाल लाल ने बताया कि वर्ष 2019 में बिजोरीगाड़-पालछुनी सड़क निर्माण के दौरान विस्फोट करने से सड़क के ठीक ऊपर बसी अनुसूचित जाति की बस्ती गधेरातोक में आवासीय मकानों में भू-धंसाव होने लगा था। इस बार हुई बारिश से छह परिवारों के मकान पूर्ण क्षतिग्रस्त हो गए हैं। किसी की छत गिर गई है तो किसी का आंगन क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रभावितों ने एसडीएम से उनके पुनर्वास की मांग की। एसडीएम ने लोनिवि व पटवारी से तत्काल मौका मुआयना कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।