उत्तरकाशी। उत्तराखंड बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में चिन्यालीसौड़ की शताक्षी तिवारी ने 98.0 प्रतिशत अंकों के साथ पूरे प्रदेश में टॉप किया है। सरस्वती विद्या मंदिर चिन्यालीसौड़ की छात्रा ने गणित में शतप्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं, जबकि भौतिक व रसायन विज्ञान में 99, अंग्रेजी में 97, हिंदी में उसे 95 अंक मिले हैं। शताक्षी के पिता अनूप तिवारी फरीदाबाद स्थित एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर हैं, जबकि माता सुनीता तिवारी कंडीसौड़ में हेल्थ सुपर वाइजर के पद पर कार्यरत हैं। छात्रा देहरादून स्थित कोचिंग सेंटर में आईआईटी की तैयारी कर रही है।
वहीं, सरस्वती विद्या मंदिर चिन्यालीसौड़ के ही सक्षम नौटियाल ने 97.8 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। सक्षम के पिता अरविंद नौटियाल टिहरी जिले स्थित जूनियर हाईस्कूल में शिक्षक हैं, जबकि माता अनिता देवी गृहणी हैं। अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता व शिक्षकों को देते हुए सक्षम ने बताया कि फिलहाल उसका लक्ष्य दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीएसी करने का है।